चंडीगढ़। पंजाब में छठ पूजा को लेकर भगवंत मान सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्यभर में पूजा के आयोजन के लिए 104 स्थानों की पहचान की गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को सिविल और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी स्थानों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने और विशेष रूप से महिलाओं व बुजुर्गों की सुविधा का ध्यान रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी
चिह्नित स्थानों पर श्रद्धालुओं की जरूरत के अनुसार ताजा पानी उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए निर्धारित जल स्रोतों में जरूरत के मुताबिक ताजा पानी डाला जाएगा। बड़े शहरों में उचित घाटों का निर्माण और विकास करने को भी कहा गया है ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से पूजा कर सकें।
उन्होंने आयोजन स्थलों पर कर्मचारियों की ड्यूटी समय रहते लगाने और हर अधिकारी व कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल से काम करें ताकि किसी भी अव्यवस्था की स्थिति में जवाबदेही तय की जा सके।
जल स्रोतों के पास तैनात होंगे लाइफगार्ड
छठ पूजा के दौरान जल स्रोतों के किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां श्रद्धालु पानी के निकट धार्मिक रस्में निभाएंगे, वहां पर्याप्त संख्या में लाइफगार्ड तैनात किए जाएं। इसके अलावा बैरिकेडिंग, रस्सियों और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की जाए। भीड़ नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
मुख्यमंत्री ने आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जरूरत के अनुसार राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की विशेष टीमों की सहायता लेने के निर्देश भी दिए।