2012 से 2017 तक हिमाचल प्रदेश में करीब 32 हजार छात्रों के खातों में जाने वाली 118 करोड़ रुपये की राशि का स्कॉलरशिप गबन हुआ था। प्रवर्तन निदेशालय ईडी की टीम ने कालाअंब स्थित हिमाचल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के संचालक रजनीश बंसल की पंचकूला सेक्टर-16 स्थित कोठी पर रेड की है।
ईडी के करीब 10 से 12 अधिकारियों की टीम सुबह नाै बजे से कोठी के तीसरे और चौथे फ्लोर पर जांच पड़ताल कर रही है। इस दौरान कोठी में मौजूद किसी भी परिजन को बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है और उनके फोन भी स्विच ऑफ करवा दिए गए हैं।
इसी स्कॉलरशिप घोटाले में सीबीआई की टीम शिमला ईडी के सहायक निदेशक विशालदीप, उसके भाई विकासदीप, चचेरे भाई नीरज और दिल्ली सीबीआई मुख्यालय के डीएसपी बलबीर सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है।
दरअसल इस स्कॉलरशिप घोटाले में नामजद शिक्षण संस्थानों के संचालकों से ईडी के सहायक निदेशक विशालदीप द्वारा धन शोधन के मामले में उन्हें राहत देने के लिए 25 करोड़ रुपये रिश्वत मांगी गई थी, हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच ढाई करोड़ रुपये में सौदा हुआ था।
कालाअंब स्थित हिमाचल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के संचालक रजनीश बंसल व एक अन्य संचालक मोहाली निवासी भूपेंद्र सिंह ने रिश्वत मांगने के संबंध में सीबीआई को शिकायत कर दी थी। इसके बाद 23 नवंबर, 2024 को सीबीआई की टीम ने ईडी के सहायक निदेशक विशालदीप के भाई विकासदीप को 54 लख रुपये की रिश्वत राशि के साथ जींद में एक होटल से गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही पर भिवानी से चचेरे भाई नीरज को भी गिरफ्तार किया गया था, जबकि विशाल दीप को सीबीआई की जांच टीम ने मुंबई में गिरफ्तार किया था। इनके खिलाफ सीबीआई द्वारा चंडीगढ़ सीबीआई में 33 व 34 नंबर दो फिर दर्ज की गई थी।