सेक्टर-25 के खाली ग्राउंड में लगी झाड़ियों में लगाई आग पहुंची सेक्टर-23 तक
आठ से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां जुटी रहीं आग बुझाने में
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-25 में बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे किसी शरारती तत्व की ओर से लगाई गई आग की एक चिंगारी से सेक्टर-23 का डंपिग ग्राउंड सुलगने लगा। इस दौरान वातावरण दूषित होने से लोगों का सांस दूभर हो गया। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची आग काफी फैल चुकी थी। राहगीरों ने दिन में करीब 12:52 बजे आग की सूचना डायल 112 और दमकल विभाग को दी। पहले डायल 112 और उसके बाद करीब 1 बजकर दो मिनट पर दमकल विभाग की गाड़ी सेक्टर-20 के डंपिंग ग्राउंड में पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की गाड़ियों ने आग पर कुछ हद तक काबू पाया। खबर लिखे जाने तक आठ दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी थीं।
जहां पर कूड़े में आग लगी थी, महज एक मीटर की दूरी पर हाइटेंशन वायर का पोल लगा है और डंपिंग ग्राउंड के ऊपर से हाइटेंशन के तार गुजर रहे हैं। हवा तेज होने के कारण आग के साथ धुंआ काफी उठ रहा था, जिसके चलते आसपास के लोगों को यहां से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। करीब दो घंटे तक यहां से गुजरने वाले वाहन चालक डर के साए में थे कि कहीं आग की लपटें उनके वाहनों को चपेट में न ले लें। यहां से धुआं लोगों के घरों तक जा रहा था। इस वजह से आसपास के सेक्टरों में अस्थमा के मरीजों सहित अन्य लोगों भारी परेशानी हुई।
सेक्टर-25 के ग्राउंड की झाड़ियों में किसी ने लगाई आग
सबसे पहले सेक्टर-25 के एचएसवीपी की साइट पर किसी शरारती तत्व ने झाड़ियों में आग लगा दी। तापमान अधिक होने और गर्म हवा के तेज बहाव के साथ धीरे-धीरे आग पूरे ग्राउंड में फैल गई। महज आधे घंटे में ही सड़क किनारे तक आग की लपटें पहुंच गईं। यहां पास में ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, आग से बाल बाल बचा। इस बीच हवा का बहाव तेज हुआ और आग की एक चिंगारी डंपिंग ग्राउंड तक पहुंच गई और कूड़े में सुलगने लगीं। महज 15 मिनट में पूरे डंपिंग में आग फैल गई। करीब दो घंटे तक यहां से गुजरने वाले वाहन चालक डर के साए में रहे।
कोट
सेक्टर-23 के डंपिंग ग्राउंड में बुधवार को आग लग गई थी। इसकी सूचना दिन में करीब 12:52 पर मिली थी। अबतक करीब आठ गाड़ियां मौक पर भेजी जा चुकी हैं। अभी आग पर काबू पाने में समय लग सकता है, क्योंकि कूड़े में लगी आग लगातार फैल रही है।
-तरसेम, फायर अधिकारी, दमकल विभाग पंचकूला