रायपुररानी। तेज बारिश के बाद टांगरी नदी के उफान ने रायपुररानी क्षेत्र के गांव खेड़ी के किसानों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी। गांव के कई किसानों की करीब दो एकड़ कृषि भूमि कटाव के कारण नदी में समा गई। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार प्रभावित किसानों में वेद प्रकाश गर्ग, पुष्पिंदर शर्मा, मोहन लाल, गुरनाम सैनी, बबली नंबरदार, संजीव, अमरीक सिंह और अनिल कोचर शामिल हैं। किसानों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ गया। नदी का तेज बहाव उनकी जमीन के किनारों से टकराया जिससे मिट्टी कटकर बह गई और खेत नदी में समा गए।
ग्रामीणों की मांग... नदी किनारे तटबंध बनाए जाएं
किसानों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में टांगरी नदी का पानी उनके खेतों को नुकसान पहुंचाता है, लेकिन इस बार हालात ज्यादा गंभीर रहे। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे नुकसान से बचाव के लिए नदी किनारे पक्के तटबंध बनाए जाएं और उन्हें आर्थिक मदद दी जाए।