पिंजौर। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने लाठी डंडों से हमला कर व्यक्ति को घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता संदीप कुमार निवासी रत्तपुर कालोनी पिंजौर ने बताया कि उसकी आरोपी धनीराम और उसके बेटे प्रमोद, प्रदीप के साथ पुरानी कहासुनी चल रही थी। 4 अगस्त को शाम करीब 7 बजे जब उसके पिता बाजार से घर आ रहे थे। इस दौरान आरोपी धनी राम, प्रमोद, प्रदीप सहित अन्य करीब 10 लोगों ने उसके पिता से मारपीट की। जब आवाज सुनकर वह अपने पिता को बचाने आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी लाठी, डंडों से मारपीट की। इसके साथ ही पिता को जान से मारने की धमकी भी दी। उसके पिता के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह उन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल कालका लेकर गया जहां से उसके पिता को सेक्टर 6 पंचकूला और उसके बाद वहां से पीजीआई रेफर कर दिया। फिलहाल उसके पिता पीजीआई में उपचाराधीन हैं।