रायपुररानी। प्रदेश सरकार की ओर से धान की फसल की तय तारीख पर खरीद शुरू न करने व 11 अक्तूबर का फरमान जारी करने पर किसानों ने गठबंधन सरकार के प्रति रोष जताते हुए अनाज मंडी के गेट पर ताला जड़ दिया। इसके बाद रायपुररानी-बरवाला रोड पर 3 घंटे जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
क्षेत्र के किसानों को जैसे ही धान खरीद न किए जाने की सूचना मिली तो कुछ ही देर में सैकड़ों किसान रायपुररानी अनाज मंडी में पहुंच गए व मुख्य रोड पर स्थित अनाज मंडी के गेट पर ताला लगाने के बाद छोटा त्रिलोकपुर चौक से जाने वाले सभी मार्ग पर लगभग तीन घंटे तक जाम लगाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों ने कहा कि प्रदेश सरकार व विभाग के अधिकारी सात साल के कार्यकाल में फसलों की खरीददारी की उचित रूपरेखा भी तय नहीं कर सके। लगातार किसानों को परेशान किया जा रहा है। किसानों के खेत में लगभग साठ प्रतिशत धान की फसल तैयार हो चुकी है, लेकिन गठबंधन सरकार पूरी तरह से विफल है।
वाहन चालकों को होना पड़ा परेशान
लगभग तीन घंटे रोड जाम रहने के कारण उतराखंड से लेकर चंडीगढ़, मोरनी हिल्स सहित सभी वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने भी किसानों को रोड बंद न कर आम जनता को परेशान करने के बारे में कहा, लेकिन किसान अपनी समस्या के समाधान की मांग करते रहे। इस दौरान सड़क पर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई, जिसे सुचारु करवाने के लिए भी पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस बल और अधिकारी मौके पर पहुंचे
दोपहर लगभग डेढ़ बजे से लेकर सांय पांच बजे तक किसानों द्वारा मुख्य रोड से पंचकूला, मोरनी व देहरादून सहित सभी सभी रास्तों पर लगे जाम को लेकर रायपुररानी थाना प्रभारी बच्चू सिंह, तहसीलदार वरिंद्र गिल, मंडी सेक्रेटरी नवदीप सिंह, फूड एवं सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह सहित सभी स्थानीय अधिकारियों ने किसानों के साथ बातचीत कर रोड खोलने के बारे समझाया। किसानों की मांग उच्च अधिकारियों के समक्ष पहुंचाए जाने के बाद किसानों ने लगभग तीन घंटे बाद इस शर्त पर रोड जाम खोला कि यदि समस्या का तुरंत प्रभाव से समाधान नहीं हुआ तो कल फिर से आगामी रणनीति अनुसार रोड जाम करेंगे।
कोट्स...
सरकार की ओर से 11 अक्तूबर से धान की फसल खरीद करने के आदेश जारी हुए है। इस पर किसानों ने नाराजगी जताई है व प्रदेश स्तरीय समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। जैसे ही कोई निर्देश मिलेगा उसका पालन किया जाएगा।
-नवदीप सिंह, मंडी सेक्रेटरी, रायपुररानी