पंचकूला। 21 अवैध नशीली दवाइयां व एमटीपी किट (गर्भपात का उपकरण) बेचने के मामले में चंडीमंदिर थाना पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉ. सुभाष डबकौरी पंचकूला का रहने वाला है।
चंडीमंदिर थाना और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीआईडी विभाग की सूचना पर रामगढ़ चौकी क्षेत्र के डबकौरी के रहने वाले सुभाष के क्लीनिक पर छापा मारा। सीआईडी विभाग की ओर से सीएमओ डॉ. जसजीत कौर को यह जानकारी दी गई थी कि डॉ. सुभाष गर्भपात किट बेच रहा है। इसके अलावा आरोपी के क्लीनिक पर 21 प्रकार से भी अधिक नशीली दवाएं बेची जा रही हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीम बनाई गई। डॉक्टरों और पुलिस की टीम ने डॉ. सुभाष के क्लीनिक में छापा मारकर वहां से दवाइयां व किट बरामद कीं।
क्लीनिक से मिलीं 21 से अधिक प्रतिबंधित दवाइयां
सीआईडी की सूचना पर डिप्टी सीएमओ डॉ. स्नेह सिंह, पंचकूला ड्रग कंट्रोल ऑफिसर प्रवीण कुमार, पीएचसी गांव कोट के डॉ. हरपिंद्र, पीएचसी बरवाला के डॉ. मोहित, रागगढ़ चौकी इंचार्ज सुदेश कुमार के साथ छापा मारा। टीम ने इस दौरान डॉ. सुभाष के क्लीनिक से एलोपैथिक ड्रग्स, स्टेथोस्कोप, नेब्युलाइजर, बीपी उपकरण, ग्लूकोमीटर, सिलाई धागे, टीके और अन्य चिकित्सा उपकरणों को बरामद किया गया। इस दौरान डॉ. के पास 21 प्रतिबंधित दवाई पाई गईं। वहीं, गर्भपात किए जाने की किट भी बरामद की गई। टीम ने इस संबंधी आरोपी से पूछताछ की लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। आरोपी डॉ. सुभाष ने बताया कि उसने द बिरजा मेडिकल कॉलेज ऑफ होम्योपैथी, एलोपैथी उड़ीसा से कोर्स किया है। वह अपनी प्रैक्टिस कर रहा है।
कोट...
नशे के खिलाफ लगातार अभियान के तहत जांच की जा रही है। आरोपी को जांच के बाद गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जमानत मिल गई है।
-दीपक कुमार, थाना प्रभारी, चंडीमंदिर