संवाद न्यूज एजेंसी
खडूर साहिब। केंद्रीय जेल श्री गोइंदवाल साहिब में नशा तस्करी के मामले में बंद नवांशहर निवासी एक युवक की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मजिस्ट्रेट जांच के आदेश मिलने पर सिविल अस्पताल तरनतारन में युवक के शव का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की निगरानी में तीन सदस्यीय डाॅक्टरी पैनल ने किया। इस दौरान बाकायदा वीडियोग्राफी भी हुई।
नवांशहर के थाना सदर के अधीन आते गांव भाण माजरा के एक निवासी के बयान के आधार पर थाना श्री गोइंदवाल साहिब की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी एक विधवा बहन थाना बलाचौर के गांव रोड़का ढाह में रहती है, जिसका एक लड़के के खिलाफ थाना बलाचौर में 31 मार्च 2025 को नशा तस्करी का मामला दर्ज किया गया। अदालत के आदेशानुसार उसके न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल श्री गोइंदवाल साहिब में भेज दिया गया।
24 मई को शिकायतकर्ता अपने भांजे की मुलाकात के लिए केंद्रीय जेल श्री गोइंदवाल साहिब पहुंचे, पर मुलाकात नहीं हो पाई। अगले दिन शाम को सूचना मिली कि केंद्रीय जेल के अस्पताल में उपचाराधीन युवक की मौत हो चुकी है। वह युवक एड्स से ग्रस्त था। जेल प्रबंधकों पर ये सवाल है कि एड्स से ग्रस्त हवालाती को इलाज के लिए किसी उच्च स्तरीय अस्पताल में दाखिल क्यों नहीं करवाया गया। जेल प्रबंधकों द्वारा एड्स ग्रस्त युवक की मौत के बाद उसे खडूर साहिब के अस्पताल में भेजा गया, यहां डाक्टरों ने बकायदा मृत घोषित किया।
युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने कब्जे में ले लिया। थाना श्री गोइंदवाल साहिब के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रभजीत सिंह गिल ने कहा कि एएसआई जसबीर सिंह ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। जेल सुपरिंटेंडेंट का कहना है कि मजिस्ट्रेट की निगरानी में युवक के शव का पोस्टमार्टम हुआ है।