जिला प्रशासन और अमर उजाला की ओर से किया जा रहा ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। अमर उजाला और पंचकूला जिला प्रशासन के सहयोग से छात्राओं के लिए लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस एवं इससे संबधित काउंसिलिंग शिविर का आयोजन बुधवार को राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय सेक्टर -14 में होगा। शिविर सुबह 11.30 बजे से शुरू होकर दोपहर बाद डेढ़ बजे तक चलेगा। इस दौरान ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए महिलाएं और छात्राएं आवेदन कर सकेंगी। इसमें जिला प्रशासन के ई दिशा केद्र से कर्मचारी ड्राइविंग लाइसेंस का फार्म भरवाएंगे।
सुबह 11.30 बजे से शुरू होने वाले शिविर में दोपहर 1.30 बजे तक महिलाओं के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाएगें। जिला प्रशासन एवं काॅलेज प्रबंधन के सहयोग से लगने वाले शिविर की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस के लिए दो आईडी प्रूफ चाहिए। इसमें आधार कार्ड या परिवार पहचान पत्र अनिवार्य है। अन्य आईडी में वोटर कार्ड, राशन कार्ड, बिजली बिल, पानी का बिल और बैंक की कॉपी में से कोई आईडी देनी होगी। ब्लड ग्रुप की रिपोर्ट और उम्र के लिए जन्म प्रमाण पत्र और दसवीं कक्षा की डीएमसी की प्रति देनी होगी। आवेदन के लिए इन सभी दस्तावेजों को परिवहन विभाग की फाइल में लगाकर देना होगा।