कालका में 157 और पिंजौर में 28 आवेदकों ने किया था आवेदन, सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा अनिवार्य
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। दीपावली के मद्देनजर ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस आवंटित करने को लेकर वीरवार को कालका एसडीएम कार्यालय में ड्रा निकाला गया। तहसीलदार निखिल गर्ग की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार, कालका में सरकारी कॉलेज के ऑडिटोरियम के पास 10 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके लिए 157 आवेदन प्राप्त हुए थे। वहीं, पिंजौर में सेक्टर-28 सब्जी मंडी के पास पांच स्टॉल के लिए 28 लोगों ने आवेदन किया था।
एसडीएम ने बताया कि चयनित विक्रेताओं को प्रशासन की ओर से निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना होगा। सभी स्टॉल पर फायर सेफ्टी समेत आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम अनिवार्य होंगे। प्रशासन ने बिक्री के लिए निर्धारित स्थान भी चिह्नित कर लिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी पटाखे बेचने की अनुमति नहीं होगी। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।