शहर में पिछले कुछ दिनों से हुडा द्वारा ड्रेनेज सिस्टम की सफाई करवाई जा रही है। लेकिन ड्रेनेज की सफाई में हुडा कर्मचारियों द्वारा बरती जा रही लापरवाही का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। हुडा ड्रेनेज सिस्टम की सफाई तो करवा रहा है, लेकिन सफाई कर्मचारी कचरा सड़क पर ही छोड़ दे रहे हैं, जिससे बारिश होने पर वह कचरा दोबारा ड्रेनेज सिस्टम को ब्लॉक कर रहे हैं। शनिवार को हुई बारिश से सड़कों पर जमा कचरा पानी के बहाव से फिर ड्रेनेज सिस्टम में चला गया और सिस्टम ब्लॉक हो गए। इससे सड़कों पर जलभराव की स्थिति रही और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दरअसल पिछले तीन दिनों से इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 और सेक्टर 14 की डिवाइडिंग, सेक्टर 14 और 15 की डिवाइडिंग, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 और सेक्टर 15 की डिवाइडिंग, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 और सेक्टर 16 की डिवाइडिंग एवं फेज-1 और 2 की डिवाइडिंग किनारे बने ड्रेनेज सिस्टम की सफाई सफाई हुडा के कर्मचारी कर रहे हैं। लेकिन कर्मचारियों ने कचरे के ढरों को सड़क किनारे लगा दिया, जो बारिश होने पर फिर ड्रेनेज सिस्टम में चले गए। जिससे सिस्टम ब्लॉक हो गया। लोगों का कहना है कि हुडा वैसे तो इन ड्रेनेज सिस्टम की सफाई नहीं करवाता है। जब सफाई की भी जाती है तो इसमें भी लापवाही बरती जा जाती है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है।