रेलवे कार्य से गंदा पानी रुका, कॉलोनीवासियों ने काम रुकवाकर किया धरना-प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। नगर परिषद कालका-पिंजौर के वार्ड नंबर 18 स्थित महादेव कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी बंद होने से परेशान कॉलोनीवासियों ने रेलवे विभाग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने रेलवे द्वारा चल रहे कार्य को रुकवाते हुए मौके पर ही धरना शुरू कर दिया।
अमरावती एनक्लेव के सामने महादेव कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक से संबंधित कार्य किया जा रहा था। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि इस निर्माण कार्य के चलते महादेव कॉलोनी सहित आसपास की कई कॉलोनियों की नालियों और नालों की निकासी पूरी तरह बंद हो गई है।
धरने में शामिल कॉलोनी निवासी मोनिका शर्मा ने बताया कि नालियों में गंदा पानी जमा हो गया है, जिससे मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है। गंदा पानी कॉलोनी में ही सड़ रहा है, जिससे लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है।
लोगों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार वार्ड पार्षद और कालका विधायक को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। मजबूर होकर कॉलोनीवासियों ने रेलवे का कार्य रुकवाकर धरना शुरू किया।
धरना-प्रदर्शन में पूर्व सरपंच योगेंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से मांग की है कि गंदे पानी की निकासी का स्थायी समाधान जल्द किया जाए, ताकि लोगों को इस गंभीर परेशानी से राहत मिल सके।