चार दिन से बंद था कचरा संग्रहण, शहर के कई इलाकों में जमा हो गया था कचरा लोगों ने ली राहत की सांस
अगस्त का लंबित वेतन मंगलवार को खातों में पहुंचा, बुधवार से घर-घर कचरा उठाने का काम शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। अगस्त माह का लंबित वेतन मिलने के बाद डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन का काम करने वाले कर्मचारी बुधवार को काम पर लौट आए। कर्मचारियों के चार दिन से काम बंद रखने के कारण शहर के कई इलाकों में कचरा जमा हो गया था। बुधवार को घर-घर से कचरा उठाने का काम दोबारा शुरू होने पर शहरवासियों ने राहत की सांस ली।
कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार को अगस्त माह का वेतन उनके बैंक खातों में जमा हो गया था। एक माह का वेतन नहीं मिलने के कारण वे शनिवार से काम पर नहीं आ रहे थे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया था कि जब तक लंबित वेतन नहीं मिलेगा, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।
चार दिन तक डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण बंद रहने से शहर के कई इलाकों में घरों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा हो गया था। बुधवार को कर्मचारियों के काम पर लौटने के बाद घर-घर से कचरा उठाने का कार्य फिर शुरू कर दिया गया। इससे कचरा जमा होने से परेशान लोगों को राहत मिली।