हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडडा को लेकर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने तल्ख टिप्पणी की है। हुडडा के अविश्वास प्रस्ताव संबंधी घोषणा पर उन्होंने सलाह दी कि वह बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार की चिंता न करें।
उन्होंने हुड्डा को चुनौती दी कि अगर वह खुद को इतना ही दमदार मानते हैं तो बजट सत्र के दौरान अविश्वास प्रस्ताव लाने की सदन में मांग करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार केंद्र के बजट सेशन के बाद प्रदेश का बजट सत्र रखेगी।
यहां पत्रकारों से बातचीत में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ लगातार चर्चा कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट किसान संगठनों से चर्चा करके दोबारा कमेटी बनाएगा और जल्द समाधान निकलेगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि किसानों और सरकार में चर्चा होना जरूरी है, क्योंकि बिना चर्चा निष्कर्ष निकलना मुमकिन नहीं है। वहीं डिप्टी सीएम ने इनेलो नेता अभय चौटाला से संबंधित एक सवाल पर कहा कि वे केवल सीरियस पॉलिटीशियन पर ही टिप्पणी करते हैं न की किसी नॉन-सीरियस पॉलिटिशियन पर।
समय पर होंगे पंचायत चुनाव
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समय पर पंचायत चुनाव करवाए जाएंगे, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा चुनाव आयोग को पत्र लिखा जा चुका है और नई पंचायतों से संबंधित नोटिफिकेशन को भी जल्द जारी कर दिया जाएगा।