पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई, परिवार को धमकाने का भी आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला/पिंजौर। मॉडल टाउन कॉलोनी, पिंजौर में लावारिस कुत्तों के साथ कथित क्रूरता और एक परिवार को धमकाने के मामले में पिंजौर थाना पुलिस ने पांच महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता सोमदत्त ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गली में रहने वाले कुत्तों और उनके पिल्लों को डंडों और लातों से पीटा गया। विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि वह पिछले सात वर्षों से अपने घर के बाहर लावारिस कुत्तों को खाना खिलाते हैं, जिसको लेकर पड़ोस की कुछ महिलाएं आपत्ति जताती रही हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि 20 फरवरी को जब वह थाना में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो आरोपी वहां भी मौजूद थे और आक्रामक व्यवहार किया।
ये है आरोप
17 फरवरी: दोपहर करीब 1:50 बजे कुत्तों और उनके पिल्लों को पीटने का आरोप है। शिकायतकर्ता के अनुसार विरोध करने पर उनके बेटे के साथ धक्का-मुक्की की गई और गाली-गलौज करते हुए धमकाया गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का दावा किया गया है।
19 फरवरी: आरोप है कि ठंड के मौसम में पिल्लों पर पानी डाला गया और चप्पलों से मारा गया। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की की गई और डंडे से हमला करने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पिंजौर थाना पुलिस ने डॉली झा, हरकिरत कौर, कोमल, आंचल और दीपा के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।