पंचकूला। सेक्टर-10 स्थित हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को ट्रैफिक के नियमों का पालन करने और साइबर क्राइम से बचाव के लिए जागरूक किया गया। इसमें ट्रैफिक इंस्पेक्टर अरुण कुमार और पंचकूला वुमन सेल इंचार्ज राजेश कुमारी ने विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी शेयर न करें।
ट्रैफिक पुलिस के इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि बच्चों को बिना हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाना चाहिए। अगर वे ऐसा करते हैं तो यह कानून जुर्म है। इससे हादसा होने पर जान जा सकती है। इसलिए अपना बचाव कर उन्हें यह सावधानी बरतनी चाहिए। वाहन को स्पीड लिमिट में चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यातायात के नियमों का उल्लंघन करने से बचना चाहिए। कार में आगे बैठने पर सीट बेल्ट जरूर लगाना चाहिए। बिना ड्राइविंग लाइसेंस के किसी को वाहन चलाने के लिए नहीं देना चाहिए। इस तरह के हालात में अगर कोई हादसा होता है तो उसकी सजा गाड़ी मालिक को मिलती है।
कोई ब्लैकमेल करे तो तुरंत परिजनों, पुलिस को बताएं
पंचकूला वुमन सेल की इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश कुमारी ने विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई ब्लैकमेल करे तो तुरंत परिजनों और पुलिस को बताएं। आजकल साइबर क्राइम सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर ब्लैकमेलर को जाल में फंसा रहे हैं। इसमें किसी भी अनजान लोगों को वीडियाे कॉल न उठाएं। इसके साथ ही अपनी कोई पर्सनल फोटो और मैसेज सोशल मीडिया पर न डालें। बचाव के बाद भी अगर कोई साइबर क्राइम होता है तो इसकी शिकायत तुरंत पुलिस को दें। इस मौके यातायात विभाग के सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार, संजीव कुमार, एसपीओ रोशन लाल, हेड कांस्टेबल सबजीतम कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
ट्रैफिक के नियमों की जानकारी मिली
मुझे ट्रैफिक के नियमों की जानकारी मिली है। मैं अपने परिजनों के साथ पड़ोसियों को भी यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करूंगा। इससे लोग सावधानी पूर्वक इसका फायदा उठा सकें। - हर्ष, विद्यार्थी
बिना लाइसेंस नहीं चलाऊंगा वाहन
मैं कभी भी बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाऊंगा। बिना लाइसेंस के वाहन चलाने में किस तरह का खतरा है, इसकी जानकारी मुझे आज मिली है। अब लर्नर लाइसेंस लेने के बाद ही वाहन चलाऊंगा। -दीपेश पाठक, विद्यार्थी
सोशल मीडिया पर फोटो नहीं डालेंगे
सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कभी पर्सनल फोटो नहीं डालेंगे। फोटो का किस तरह से गलत इस्तेमाल साइबर ठग कर सकते हैं। यह जानकारी आज मुझे मिली है। इसके लिए मैं अपने पड़ोसियों और सहेलियों को भी जागरूक करूंगी। -जानवी, विद्यार्थी
अजनबी का फोन नहीं उठाएंगे
अजनबी का फोन से किया वीडियो कॉल नहीं उठाएंगे। यह जानकारी आज मुझे पहली बार हुई है। लोग वीडियो गलत तरीके से जोड़ कर ब्लैकमेल कर सकते हैं। मैं अपने परिवार के लोगों को भी किसी अनजान कॉल को उठाने से मना करूंगा। -अक्षत, विद्यार्थी
बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाऊंगी
बिना हेलमेट कभी वाहन नहीं चलाऊंगी। इससे चोट लग सकती है। इस कारण अपना हेलमेट जरूर लगाऊंगी। अभिभावकों को भी हेलमेट लगाने के महत्व के बारे में बताऊंगी। - प्रिंयका, विद्यार्थी