दीपों का त्योहार दिवाली आज
प्रदोष काल शाम छह बजकर 37 मिनट से रात आठ बजकर 32 मिनट तक
राहुकाल शाम साढ़े चार बजे से शाम छह बजे तक, राहुकाल में न करें पूजा
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। दीपों का त्योहार दीपावली रविवार को है। प्रदोष काल शाम छह बजकर 37 मिनट से रात आठ बजकर 32 मिनट तक वृष (स्थिर) लग्न विशेष शुभ रहेगा। इस समय अमृत की चौघड़िया रहने से इस योग में संपूर्ण दीपावली जिसमें दीपदान, गणेश पूजन, लक्ष्मी, कुबेर आदि पूजन करना चाहिए। यह प्रयास करना चाहिए कि रात्रि आठ बजकर 56 मिनट तक मुख्य पूजन समाप्त हो जाए। यह कहना है सेक्टर 30 के श्री महाकाली मंदिर स्थित भृगु ज्योतिष केंद्र के प्रमुख बीरेंद्र नारायण मिश्र और सेक्टर 18 के श्री राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी डॉ लाल बहादुर का।
राहुकाल में न करें पूजा
देवालय पूजक परिषद के कोषाध्यक्ष और सेक्टर 18 के श्री राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी डॉ. लाल बहादुर दुबे ने बताया कि रविवार को राहुकाल शाम चार बजकर 30 मिनट से शाम छह बजे तक है। राहुकाल में दीपावली पूजन अशुभ माना गया है। इसलिए राहुकाल में दीपावली पूजन नहीं करना चाहिए। 27 अक्तूबर दिन रविवार को चतुर्दशी दोपहर 12 बजकर 23 मिनट तक है। इसके बाद अमावस्या दोपहर 27 अक्तूबर को 12 बजकर 24 मिनट से प्रारंभ होकर 28 अक्तूबर सोमवार सुबह नौ बजकर 8 मिनट तक है।