बरवाला। बिजली बोर्ड कार्यालय के अंतर्गत नयागांव फीडर क्षेत्र में दस दिन से बिजली की आपूर्ति नहीं होने से गुस्साए किसानों ने मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में बरवाला बिजली कार्यालय पर प्रदर्शन किया। नाराज किसानों का कहना है कि बिजली की आपूर्ति होने से पेयजल संकट गहरा गया है। खेतों में लगाई धान की पनीरी भी सूखने लगी है। विभाग के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर किसानों ने नारेबाजी की।
भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान नरेंद्र सिंह नयागांव, किसान वकील सिंह बरवाला, भम्भूल राणा बतौड़, सिमरनजीत सिंह भगवानपुर, रविंदर, सुच्चा सिंह सगराना, गुरदास अलीपुर, जग्गा सिंह भरैली, अमरीक सिंह, सुखदेव सिंह नयागांव, सुरजीत सिंह, हुकम चंद, अमनदीप टोडा ने बताया कि 30 मई को तूफान आने से बरवाला अंबाला मार्ग पर सड़क के साथ बिजली की तारों पर कुछ जगह पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था ठप हो गई थी। बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की ढीली कार्यप्रणाली के चलते 10 दिन बाद भी बिजली व्यवस्था सुचारु नहीं हुई है। इस कारण लोगों और किसानों को बिना बिजली के ही गुजारा करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं किसानों के खेतों में खड़ी फसलें भी सूखने के कगार पर पहुंच गई है।
कई किसानों के खेतों में धान की फसल की पनीरी भी बिना पानी के सूख रही है। बिजली आपूर्ति नहीं होने से कई गांवों में पेयजल का संकट भी गहराया हुआ है। किसान यूनियन और किसानों ने बिजली निगम कार्यालय बरवाला के अधिकारियों और कर्मचारियों को चेताया कि कल तक (बुधवार) बिजली व्यवस्था सुचारु नहीं हुई तो किसान बिजली कार्यालय बरवाला को ताला लगाकर रोष प्रदर्शन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी बिजली निगम और प्रशासन की होगी। इस समस्या के बारे में बिजली कार्यालय बरवाला के एसडीओ जीके आहूजा और बिजली निगम के कर्मचारियों ने बिजली व्यवस्था सुचारु रखने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। जल्द ही ग्रामीणों को बिजली व्यवस्था सुचारु करवा दी जाएगी।