खिलाड़ियों ने डाइट और गीजर की कमी की शिकायत की, निदेशक पार्थ गुप्ता ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-3 ताऊ देवीलाल स्टेडियम में चल रहे स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर में डायरेक्टर पार्थ गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे खिलाड़ियों के हॉस्टल और मैस पहुंचे, जहां खिलाड़ियों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। उनके साथ ज्वाइंट डायरेक्टर अश्विनी मलिक और डीएसओ नीलकमल मौजूद रहे।
खिलाड़ियों ने निदेशक को बताया कि लंच और डिनर में प्रॉपर डाइट नहीं मिल रही, खासकर अंडा और चिकन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। डाइट अधूरी होने के कारण उनका खेल प्रभावित हो रहा है।
गर्म पानी की सुविधा नहीं
खिलाड़ियों ने यह भी बताया कि हॉस्टल में गर्म पानी के लिए गीजर की व्यवस्था नहीं है, जिससे परेशानी हो रही है। निदेशक ने तुरंत डीएसओ को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे खाने की क्वालिटी स्वयं चेक करने के लिए किसी भी समय लंच और डिनर पर आएंगे। निरीक्षण के दौरान पार्थ गुप्ता ने सीनियर कोच से कहा कि वे स्थिति की निगरानी करें और किसी भी कमी की सीधी रिपोर्ट उन्हें दें। करीब एक घंटे के निरीक्षण में उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं में सुधार के आदेश दिए।
टेंडर और बकाया भुगतान
जनवरी 2024 में ठेकेदार राकेश तोमर के नाम एक्सीलेंस सेंटर की मेस का टेंडर छूटा था। ठेकेदार के पास दिसंबर 2025 तक मेस का टेंडर था, लेकिन एक साल से भुगतान नहीं मिलने के कारण उसने 24 अक्टूबर को सप्लाई रोक दी। आश्वासन मिलने पर तीन दिन तक सप्लाई चली, लेकिन फिर पूरी तरह बंद हो गई। कैंटीन का बकाया बिल करीब 2 करोड़ रुपये का है।
कोट
स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर में खाने की सुविधा शुरू की गई है। जो भी सुविधाएं अभी नहीं हैं, उन्हें जल्द दुरुस्त किया जाएगा। इसके लिए निरीक्षण कर पूरी स्थिति ठीक की जाएगी।
-पार्थ गुप्ता, खेल निदेशक, हरियाणा