पंचकूला। उल्टी और दस्त से नागरिक अस्पताल में रविवार सुबह डेढ़ साल के बच्चे की माैत हो गई। डाॅक्टरों ने इसकी माैत का कारण डायरिया बताया है। तीन दिन में एक ओर बच्चे की मौत ने सरकारी तंत्र की पोल खोल दी है। एक तरफ स्वास्थ्य विभाग बुढ़नपुर में डायरिया फैलने की पुष्टि कर कैंप लगाकर मरीजों को दवाइयां बांट रहा है। दूसरी तरफ एचएसवीपी यह मानने को तैयार नहीं है कि दूषित पेयजल की वजह से डायरिया फैला है। विभागीय जांच में अभी तक कोई फाल्ट नहीं मिला है, जबकि पानी के 26 मेंं से 12 सैंपल फेल मिले हैं। वर्तमान में नागरिक अस्पताल के बच्चों के वार्ड में बुढ़नपुर क्षेत्र के करीब 70 बच्चे भर्ती हैं। बच्चों की माैतों से बुढ़नपुर के लोगों में दहशत है। रविवार को मौत के बाद परिजनों को शव दे दिया गया। परिजनों का आरोप है कि बच्चे का सही उपचार नहीं होने के कारण मौत हुई है।
बुढ़नपुर निवासी पवन कुमार और सीता देवी ने बताया कि उनके बच्चे भैरव को उल्टी और दस्त होने के बाद शनिवार शाम 6 बजे सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान बच्चे की रात तीन बजे मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद वार्ड में तैनात स्टाफ ने सुबह 4 बजे पवन कुमार और सीता देवी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वे बच्चे का शव लेकर सुबह चले आए। शव लेकर बुढ़नपुर आने के बाद लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने सही तरीके से इलाज नहीं करने का आरोप लगाया। पवन कुमार ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूर है। दो दिन से बच्चे की तबीयत ठीक नहीं होने के बाद अस्पताल इलाज कराने के गया था। इलाज सही तरीके से नहीं होने के कारण मौत हो गई।
अस्पताल में सही तरीके से इलाज नहीं मिला
डेढ़ साल के बच्चे भैरव की नानी शांति देवी ने आरोप लगाया कि अस्पताल में बड़ी उम्मीद से इलाज कराने गए थे। सही इलाज नहीं मिलने से बच्चे की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि दूषित पेयजल से बच्चे लगातार बीमार हो रहे हैं। दो मौतों के बाद भी विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
26 मेंं से 12 सैंपल की रिपोर्ट फेल आई
पंचकूला सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि अब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच के लिए पानी के 26 सैंपल भेजे गए हैं। इसमें 12 सैंपल की रिपोर्ट फेल मिले हैं। बुढ़नपुर में पीने के पानी की रिपोर्ट फेल होने के बाद एचएसवीपी को यह जानकारी दी गई है। हालांकि एचएसवीपी की ओर से पानी की लाइन को पूरी तरह से साफ करने के दावे किए जा रहे हैं।
दो मौतें और सैंपल फेल होने के बाद बनी है दहशत
बुढ़नपुर में 12 पानी के सैंपल फेल होने और दो बच्चों की मौत के बाद दहशत है। अशोक कुमार, सुचेता, सुजाता, अरमान खान ने बताया कि पानी पीने से भी डर लगने लगा है। पानी के कारण डायरिया फैला है। इस कारण दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक हालात में सुधार नहीं हो पाया है।
दोनों बच्चियों को अस्पताल लेकर आए
बुढ़नपुर निवासी कंचन ने बताया कि दूषित पेयजल के कारण दोनों बेटियों को डायरिया हुआ है। इस कारण दो दिन से सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। मेरी मांग है कि एचएसवीपी टैंकरों से पानी की दोबारा आपूर्ति करे।
डेढ़ साल के बच्चे की डायरिया से मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुढ़नपुर के सभी घरों का दोबारा सर्वे शुरू कर दिया है। एहतियातन कैंप लगाकर दवाइयां बांटी जा रहीं हैं। इलाज नहीं करने के आरोप बेबुनियाद है। अस्पताल आने के बाद बच्चे का इलाज किया गया है। -डॉ. मुक्ता कुमार, सीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर-6
बुढ़नपुर में पानी की सप्लाई ठीक तरीके से शुरू हो गई है। पीने के पानी और सीवर की सफाई कर दी गई है। अब लोग पानी पी सकते हैं। - प्रवीन सेट्ठी, एसडीओ, एचएसवीपी
बुढ़नपुर में 15 नए मरीज सामने आए
पंचकूला। बुढ़नपुर में डायरिया का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। रविवार को 15 नए मामले सामने आए हैं। पंचकूला स्वास्थ्य विभाग की ओर से 566 घरों का सर्वे किया गया है। पंचकूला जिला सर्विलांस अधिकारी सुरेश भोसले ने बताया कि टीमों की तरफ से 566 घरों का सर्वे किया गया। इसके साथ ही अब तक पानी के 26 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। अस्पताल में छोटे बच्चे भी डायरिया के चपेट में आए हैं। उन्होंने बताया कि बुढ़नपुर में लोगों को जागरूक करने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग की टीम अनाउंस कर डायरिया से बचाव के लिए जागरूक कर रही है। लोगों को दवाएं बांटी जा रही है। इसेक साथ ही सरकारी स्कूल में क्लीनिक बनाया गया है। दवा देने के बाद अगर राहत नहीं मिलती है तो उन्हें सिविल अस्पताल सेक्टर-6 रेफर किया जा रहा है।
- डायरिया फैलने के बाद सर्वेक्षण किए गए घरों की कुल संख्या : 566
- डायरिया के नए मामले सामने आए:16
- अब तक दर्ज किये गये मामलों की कुल संख्या : 406
- परीक्षण के लिए भेजे गए पानी के नमूनों की कुल संख्या: 26
- परीक्षण के लिए भेजे गए मल नमूनों की कुल संख्या :20
- हैजा के लिए सकारात्मक पाए गए मल नमूनों की कुल संख्या:3