संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व को लेकर शुक्रवार को गांव खटोली में भाजपा मंडल बरवाला के नए अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया करवाई गई। जिसमें सभी बूथ अध्यक्षों व मंडल कार्यकर्ताओं की सहमति से धर्मेंद्र संधू को बरवाला भाजपा मंडल का नया अध्यक्ष चुना गया।
भाजपा मंडल बरवाला के पूर्व अध्यक्ष गौतम राणा ने बताया कि यह चुनाव प्रक्रिया भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, मंडल प्रभारी हरेंद्र मलिक, जिला महामंत्री वीरेंद्र राणा, मंडल पलक कमल अवस्थी, पूर्व मानव महासचिव रंजीता मेहता, पूर्व मार्केट कमेटी के अध्यक्ष अशोक शर्मा की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ अध्यक्ष, बीडीसी मेंबर, पूर्व मंडल अध्यक्ष व भारतीय जनता पार्टी के मुख्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपनी नियुक्ति पर धर्मेंद्र संधू ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं सहित सभी का धन्यवाद किया।कहा कि उन्हें पार्टी की ओर से जो जिम्मेदारी सौंपी गई है वे उसे पूरी ईमानदारी व बेखूबी से निभाते हुए पार्टी के लिए और ज्यादा तेज गति से काम करेंगे।