संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। घर से काम के लिए निकले बाइक सवार युवक को सुबह सवा नौ बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन के नीचे आने से युवक की माैत हो गई। मृतक की पहचान मोगीनंद सेक्टर-30 निवासी प्रमोद उर्फ बंटी के रूप में हुई है। लोगों ने बताया कि वाहन ने बाइक चालक को 10 मीटर तक घसीटा। सिर पर टायर चढ़ने के बाद वह लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा रहा। वहीं सूचना के बावजूद दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं आई। जब उसे अस्पताल पहुंचाया तो डाॅक्टरों ने उसे मृत बता दिया।
प्रमोद काम के लिए पंचकूला जा रहा था। जैसे ही वह पीर बाबा के पास पहुंचा तो दूसरी तरफ से तेज रफ्तार वाहन ने उसे चपेट में ले लिया और दस मीटर घसीटने के दाैरान उसका सिर वाहन के नीचे आ गया। परिजनों का आरोप है कि सीएम ड्यूटी पर लगे यातायात पुलिस की ओर से सूचना दिए जाने के बावजूद दो घंटे बाद एबुलेंस पहुंची, इस कारण सिर से अधिक खून बहने के कारण सिविल अस्पताल में डाॅक्टरों ने उसे मृत बता दिया। अगर समय पर एंबुलेंस आती तो उसकी जान बच सकती थी। शव को जिला अस्पताल सेक्टर-6 में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पेंटिंग का काम करने वाले प्रमोद की मौसी रामरती ने बताया कि वह सेक्टर-23 बंदर घाटी के लिए पीर बाबा की रोड से जा रही थी। तभी देखा कि कोई बाइक सवार सड़क पर पड़ा है। नजदीक जाकर देखा तो प्रमोद को पहचान गई और तुरंत उसकी मां सुनीता काे सूचना दी। सड़क के किनारे पड़ी बाइक से 10 मीटर दूरी पर प्रमोद पड़ा था। मौसी रामरती का आरोप है कि मौके पर तैनात पुलिस वालों ने एंबुलेंस को सूचना दी लेकिन दो घंटे तक प्रमोद सड़क पर ही पड़ा रहा। प्रमोद तीन बहनों में छोटा था। उससे छोटे दो भाई हैं। दो बहनों की शादी होने बाद घर की जिम्मेदारी उस पर ही थी। दो साल से पिता नाथूलाल की तबीयत खराब होने के कारण पेंटिंग का काम कर घर का खर्च चला रहा था।
छोटे भाइयों को पढ़ने के लिए कहता था
मौसा घनपाल ने बताया कि मां से जिद करने के बाद 3 दिन पहले ही 14 जनवरी को प्रमोद ने ड्यूटी पर जाने के लिए नई बाइक खरीदी थी। वह छोटे भाइयों को हमेशा पढ़ने के लिए कहता था। अगर समय से एंबुलेंस पहुंच जाती तो उसकी जान बच सकती थी।
रोते हुए बेसुध हुई मां
घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मां सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल था। वह कोस रही कि मना करने बाद भी बेटे ने बाइक क्यों ली। अब घर कौन संभालेगा। बेटे की याद मां रोते हुए जमीन पर गिर कर बेसुध हो गई। चंदीमंदिर थाना इंचार्ज करनैल सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
45 मिनट तक ट्रैफिक जाम की बनी रही स्थिति
पंचकूला-यमुनानगर मार्ग से होम सेक्रेटरी और मुख्यमंत्री का काफिला गुजरना था। जिसके लिए हाईवे पर ट्रैफिक पुलिस मुस्तैद थी। एएसआई जयदीप सिंह ने बताया कि होम सेक्रेटरी का काफिला निकलने से ठीक पहले पीरबाबा रोड पर यह हादसा हुआ। सुबह का समय होने के कारण पांच मिनट में हाईवे से लेकर पीर बाबा रोड तक जाम के हालात बन गए। जयदीप दौड़कर पीरबाबा रोड पर पहुंचे। कुछ मुलाजिमों को हाईवे को ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए लगाया। मौके पर डायल 112 और एंबुलेंस को सूचित किया। इस दौरान करीब 45 मिनट के बाद ट्रैफिक कंट्रोल हो पाया।