पंचकूला। परशुराम भवन में रविवार को जागृत ब्राह्मण सभा पंचकूला के चुनाव में बदलाव का मुद्दा प्रमुख रहा। अध्यक्ष पद के सीधे मुकाबले में सेवानिवृत्त एसडीओ धर्मवीर शर्मा ने पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. महावीर कौशिक को 69 मतों से हराकर जीत दर्ज की। धर्मवीर शर्मा को 327, जबकि डॉ. महावीर कौशिक को 258 मत मिले। तीसरे प्रत्याशी डॉ. राजीव भारद्वाज को 14 मत मिले और नौ मत अवैध घोषित किए गए।
सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे तक चला। सभा के करीब 800 सदस्यों में चुनाव को लेकर उत्साह रहा। बुजुर्ग सदस्य भी व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचे। चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
बदलाव और विकास के मुद्दों पर मुकाबला: डॉ. महावीर कौशिक के गुट ने उनके प्रशासनिक अनुभव और पूर्व प्रधान एमपी शर्मा के कार्यकाल में हुए कार्यों को प्रमुखता से रखा। वहीं, धर्मवीर शर्मा के गुट ने सभा भवन की अनदेखी, नए सदस्यों को संगठन से नहीं जोड़ने और समाज के लिए बड़े स्तर पर काम नहीं होने जैसे मुद्दे उठाए। इस दौरान संगठन में बदलाव और पारदर्शिता भी चुनाव के प्रमुख मुद्दे रहे। आखिरकार धर्मवीर का गुट जीता।