बोले- केंद्र बाढ़ प्रभावित पंजाब के सीमावर्ती गांवों को कर रहा नजरअंदाज
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने केंद्र सरकार से बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट फंड जारी करने की मांग की है। इस संबंध में धालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने पंजाब के सीमावर्ती इलाकों के लंबे समय से अटके मुद्दों पर गहरी चिंता जताई है। बार-बार प्राकृतिक आपदाओं और भारी नुकसान के बावजूद कोई सहायता नहीं देने के लिए नाराजगी भी जाहिर की है।
धालीवाल ने कहा कि सीमावर्ती पट्टी के लोगों ने युद्ध के समय सीमा पार तनाव और हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान बहुत दुख झेले हैं लेकिन केंद्र उनका समर्थन करने में लगातार विफल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को एक आधिकारिक पत्र लिखा है जिसमें तुरंत फंड जारी करने की अपील की है। पत्र की कॉपी केंद्रीय गृह मंत्री और पंजाब के राज्यपाल को भी भेजी है जिसमें तत्काल हस्तक्षेप की अपील की गई है।
धालीवाल ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इस साल बाढ़ ने भी जान-माल, फसलों और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया फिर भी केंद्र ने राहत के लिए एक भी रुपया जारी नहीं किया। केंद्र ने बाढ़ के दौरान वित्तीय सहायता की घोषणा की थी लेकिन वे फंड कभी जारी नहीं किए गए।
धालीवाल ने कहा कि सीमावर्ती गांवों की कई मुख्य विकास जरूरतों को पूरा करने की जरूरत है जिनमें सड़कें, सिंचाई, आपदा प्रबंधन और आवश्यक बुनियादी ढांचा शामिल है। अगर केंद्र सरकार फंड जारी कर दे तो हम सीमावर्ती गांवों की तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने कहा कि वह सीमावर्ती क्षेत्र के सरपंचों के साथ जल्द ही केंद्रीय फंड को तत्काल जारी करवाने की मांग को लेकर पंजाब के राज्यपाल से मिलेंगे।