बिजली चोरी की रिपोर्ट करने के लिए एक विशेष मोबाइल नंबर किया जारी
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पावरकाॅम) ने राज्य में बिजली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पावरकाॅम ने आम जनता से अपील की है कि वे बिजली चोरी से संबंधित कोई भी जानकारी गोपनीय रूप से पावरकाॅम प्रशासन को प्रदान करने में सहयोग करें।
इस नई पहल के तहत अब लोग बिजली चोरी की रिपोर्ट करने के लिए एक विशेष मोबाइल नंबर 96461-75770 का उपयोग कर सकते हैं। यह नंबर सीधे चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) पावरकाॅम के अधीन है।
इस नंबर पर सीधे कॉल करके या व्हाट्सएप संदेश भेजकर जानकारी दी जा सकती है। पावरकाॅम ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीयता रखने का भरोसा दिलाया है। किसी भी परिस्थिति में सूचना देने वाले का नाम उजागर नहीं किया जाएगा। इस नंबर की निगरानी सीधे शीर्ष प्रशासन (सीएमडी) द्वारा की जा रही है, जो शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
पावरकाॅम के एक प्रवक्ता ने कहा कि बिजली चोरी न केवल कॉर्पोरेशन को वित्तीय नुकसान पहुंचाती है बल्कि इससे आम उपभोक्ताओं के लिए बिजली आपूर्ति में भी व्यवधान उत्पन्न होता है। पावरकाॅम ने राज्य के प्रत्येक नागरिक से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है जिससे बिजली चोरी को जड़ से खत्म किया जा सके और सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।