कोताहा कल्याण परिषद और मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं के लिए किए विशेष प्रबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। अष्टमी के पावन अवसर पर रविवार को मोरनी के प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री दुर्गा समलोठा माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रविवार का अवकाश होने के कारण सुबह से ही माता के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए माता के दर्शन करने पहुंचे।
कोटाहा कल्याण परिषद और मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के ठहरने, खाने और भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई। दिनभर भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को परेशानी न हो।
कोटाहा कल्याण परिषद के प्रधान ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि माता के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना पुण्य का कार्य है। मंदिर कमेटी के सदस्य अमित कुमार और श्रवण कुमार शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखना कमेटी की प्राथमिकता है। इस दौरान मंदिर के पास पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं भी उपलब्ध रहीं।