रायपुररानी। रविवार को रायपुररानी का बाजार गणपति बप्पा के जयकारों और ढोल की गूंज से भक्तिमय हो उठा। सुबह मंदिर में हवन व विशेष पूजा-अर्चना के बाद दोपहर में गणपति बप्पा की सजी-धजी प्रतिमा के साथ भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। बाजार पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाए और ढोल की थाप पर जमकर नाचे। इस दौरान प्रसाद भी वितरित किया गया।
शाम करीब पांच बजे शोभायात्रा बस स्टैंड पहुंची, जहां से प्रतिमा को ट्राली के माध्यम से मार्कंडेय नदी ले जाया गया। नदी किनारे पूजा-अर्चना के बाद भावुक माहौल में विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष बप्पा के फिर आने की कामना की।कार्यक्रम में गुलशन वर्मा, नरेंद्र वर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक और महिला श्रद्धालु मौजूद रहे।