माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगे लोग।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। अष्टमी के दिन मंगलवार को कोरोना संक्रमण पर श्रद्धालुओं की आस्था भारी रही। चैत्र नवरात्र मेला के आठवें दिन माता मनसा देवी, काली माता मंदिर कालका और चंडी माता मंदिर में 36250 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। तीनों मंदिरों में श्रद्धालुओं की तरफ से 1996609 रुपये की राशि चढ़ावे की रूप में मिली। उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य प्रशासक मुकुल कुमार ने बताया कि माता मनसा देवी में 31650, काली माता मंदिर कालका में 4380 और चंडी माता मंदिर में 220 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। आठवें नवरात्र पर माता मनसा देवी और काली माता मंदिर कालका में सोने के नौ और चांदी के 140 नग भी चढ़ावे के रूप में मिले। माता मनसा देवी मंदिर में सोने के चार और चांदी के 81 नग जबकि काली माता मंदिर कालका में सोने के पांच चांदी के 59 नग चढ़ावे में प्राप्त हुए।
माता मनसा देवी में उमड़े श्रद्धालु
माता मनसा देवी में रिकार्ड तोड़ भीड़ उमड़ी। श्रद्धा और भक्ति का नजारा यहां जबरदस्त रहा। माता मनसा देवी मंदिर में अष्टमी को 31650 श्रद्धालु पहुंचे। कोरोना संक्रमण को देखकर प्रबंधन द्वारा माता मनसा देवी मंदिर में जबरदस्त व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में 12 सैनिटाइजर बूथों पर श्रद्धालुओं को सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके साथ ही बिना मास्क आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर प्रबंधन द्वारा मास्क दिया जा रहा है।
मां के दर्शन के लिए लाइन में लगे लोग। - फोटो : PKL OFFICE