चंडीमंदिर। नगर परिषद कालका-पिंजौर के वार्ड नंबर 18 में लंबे समय से विकास कार्य ठप पड़े हैं। पार्षद सीमा देवी और पूर्व सरपंच योगेंद्र ठाकुर ने बताया कि वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, नाले-नालियों और सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए न तो पार्क है और न ही कोई कम्युनिटी सेंटर। वार्ड की इन समस्याओं को कई बार मीटिंग में उठाया गया लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ।
पार्षद ने बताया कि नगर परिषद चुनाव हुए करीब साढ़े तीन साल बीत चुके हैं। इस दौरान चार से पांच बार हाउस मीटिंग हुईं, मगर वार्ड नंबर 18 में कोई ठोस कार्य शुरू नहीं किया गया। पिछली मीटिंग में कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने हर वार्ड में 20 लाख रुपए के विकास कार्य करवाने की घोषणा की थी लेकिन अब तक एक भी काम धरातल पर नहीं उतरा। हाल ही में हुई मीटिंग में विधायक द्वारा हर वार्ड को 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की गई है। इससे लोगों में भ्रम फैल गया है कि वार्ड नंबर 18 को अब तक कुल 70 लाख रुपए मिल चुके हैं। पार्षद का कहना है कि विभाग के पास 70 लाख रुपए उपलब्ध हैं लेकिन अब तक एक पैसा भी खर्च नहीं किया गया है।
विकास कार्य शुरू नहीं हुए तो आंदोलन करेंगे
वार्डवासियों में इस लापरवाही को लेकर गहरा रोष है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही विकास कार्य शुरू नहीं हुए तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। पार्षद और पूर्व सरपंच ने विधायक शक्ति रानी शर्मा से मांग की है कि वार्ड नंबर 18 में जल्द से जल्द विकास कार्य शुरू करवाए जाएं, ताकि लोगों की परेशानियों का अंत हो सके।