पंचकूला। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने मनसा देवी कांप्लेक्स सेक्टर-5 मेंं गुरुद्वारा अंडरपास से लेकर श्री माता मनसा देवी मंदिर तक साफ सफाई व सड़क निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एचएसवीपी सहित संबंधित विभाग के अधिकारियोंं को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी व कर्मचारी मिलजुल कर कार्य करते हुए पंचकूला को स्वच्छ व सुंदर बनाएं। वे हर दो दिन बाद साफ किए गए क्षेत्र का निरीक्षण करेंगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस क्षेत्र को स्वच्छ व सुंदर बनाने व सड़क के गड्ढों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एसडीओ को माता मनसा देवी की दुकानों में अवैध कब्जा व सड़कों के किनारे अवैध रूप से रहने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने व अतिक्रमण को हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएमडीए के कार्यकारी अभियंता को संबंधित क्षेत्र में पार्कों के सौंदर्यीकरण व स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित सफाई एजेंसी इन पार्कों को साफ करने में नाकाम है तो उनको ब्लैक लिस्ट करें और अन्य किसी एजेंसी से साफ सफाई करवाना सुनिश्चित करे।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं सीईओ मनसा देवी निशा यादव, डीसीपी सृष्टि गुप्ता, एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गौरव चौहान, एसीपी सुरेंद्र सिंह, पीएमडीए कार्यकारी अभियंता वीरेंद्र सिहं व अरविंद, एचएसवीपी के एसडीओ बलराज, सीएसआई अविनाश, पार्षद सुरेश वर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे ।