बरवाला। खंड के समाजसेवियों ने लोगों के साथ मिलकर शनिवार को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी को पीएचसी बरवाला बतौड़ को अपग्रेड करके 50 बेड का अस्पताल बनवाने, बरवाला को उपमंडल का दर्जा दिलवाने के लिए मांग लेकर एक ज्ञापन सौंपा है।
इस ज्ञापन में उन्होंने बरवाला अनाज मंडी से लेकर मौली पुलिस चौकी तक मुख्य सड़क की मरम्मत करवाने, सीबीएससी बतौड़ में स्कूल में गरीब बच्चों की स्कूल फीस माफ करवाने समेत क्षेत्र की अन्य कई मांगें रखी गई। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पंचकूला में ज्ञापन लेने के बाद तरुण भंडारी ने इनकी मांगों को शीघ्र मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर पूर्व सरपंच लक्ष्मण दास बतौड़, पूर्व जिला परिषद सदस्य बल सिंह राणा, नत्थू राणा खटोली, गोपाल राणा खटोली, हेम सिंह राणा, राम पाल राणा, सरपंच अमन कुमार, आदि मौजूद रहे।
पूर्व सरपंच लक्ष्मण बतौड़ ने कहा कि उक्त मांगें हमारे इलाके की बहुत पुरानी हैं। अनाज मंडी से पुलिस चौकी मौली तक सड़क मार्ग की मरम्मत न होने से राहगीरों और वाहन चालकों को बहुत परेशानी होती है। सीबीएससी स्कूल बतौड़ में गरीब बच्चों की फीस माफ की जाए। इन सभी मांगों के पूरा होने से लोगों का समय और पैसा दोनों बच सकते हैं।