पंचकूला। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल युवा इकाई के प्रदेश प्रभारी राहुल गर्ग के नेतृत्व में युवा व्यापार मंडल ने पंचकूला उपायुक्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल व डीजल पर लगाए गए स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी व रोड सेस को हटाने की मांग है।
युवा व्यापार मंडल के प्रदेश प्रभारी राहुल गर्ग ने बताया कि व्यापारी, किसान व आम जनता पहले ही कोरोना महामारी की मार झेल रही है और अब पेट्रोल व डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से जनता परेशान है। जब क्रूड ऑयल की कीमत कम हो रही थी, उस समय भी केंद्र सरकार ने पेट्रोल व डीजल की कीमत कम करने के बजाय पेट्रोल पर दो और डीजल पर तीन रुपये प्रति लीटर के हिसाब से स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी लगाई थी। साथ ही पेट्रोल व डीजल पर 8 रुपये प्रति लीटर रोड सेस भी बढ़ाया था। उन्होंने जनता को तत्काल राहत के लिए बढ़ाई स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी व रोड सेस को हटाने की मांग की।
जीएसटी के दायरे में लाया जाए पेट्रोल व डीजल
इसके अलावा पेट्रोल व डीजल पर टैक्स कम करने सहित अन्य वस्तुओं की तर्ज पर इसे भी जीएसटी के दायरे में लाने की मांग की। ज्ञापन देने युवा व्यापार मंडल के प्रदेश सहसचिव कृष्ण गुप्ता, प्रदेश कानूनी सलाहकार वैभव जैन, सदस्य कृष्ण कुमार, प्रैस सचिव रोहित शर्मा, अंकित ग्रेवाल, नितेश हाण्डा, राजीव बलुजा, सतीश कुमार, लखबीर सिंह, विवेक सिंगला व रंगोली सिंह आदि पहुंचे।