चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने टिकटों के बंटवारे पर मंथन शुरू कर दिया है। पार्टी में उम्मीदवारों के चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान शुक्रवार को दिल्ली जा रहे हैं, जहां वह विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक में हिस्सा ले सकते हैं जिसमें आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत तमाम वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
माना जा रहा है कि उम्मीदवारों के नामों पर भी बैठक भी चर्चा की जाएगी और नवंबर के पहले सप्ताह में पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। ऐसे में टिकट के दावेदारों की नजरें अब पार्टी के फैसले पर टिकी हैं। बताया जा रहा है कि पहले उन दावेदारों को प्राथमिकता दी जाएगी जो दो बार पहले विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। इनमें से ज्यादातर को लगातार तीसरी बार मौका देने पर विचार किया जा सकता है।
पार्टी सबसे पहले अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करना चाहती है ताकि सभी हलकों में चुनाव प्रचार को धार दी जा सके। इससे पहले के चुनाव में भी आप अपने प्रत्याशियों की दूसरे दलों से पहले ही घोषणा करती रही है। 117 सदस्यों वाली विधानसभा में आप के 94 विधायक हैं।
पार्टी 1 नवंबर से महिला मतदाताओं को समर्थन जुटाने और अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए एक विशेष अभियान भी शुरू कर रही है। पार्टी की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाकर डोर टू डोर प्रचार तेज करने के लिए बोला गया है ताकि मावां-धीयां सत्कार योजना समेत आप सरकार के कार्यों को लोगों तक पहुंचाकर समर्थन जुटाया जा सके।
सीएम मान खुद भी प्रचार में जुट गए हैं और वह सभी हलकों में जाकर लोक मिलनी कर रहे हैं। आने वाले दिनों में आप प्रदेश में बड़ी रैलियां करने की भी तैयारी कर रही है जिसमें दिल्ली से वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे।
सभी हलकों में प्रभारी लगाए जा रहे, फीडबैक ले रही पार्टी :
इसी तरह आप की तरफ से सभी हलकों में प्रभारियों का भी एलान किया जा रहा है ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति मजबूत किया जा सके। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि ऐसा करके पार्टी ने हलकों में उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट करनी शुरू कर दी है ताकि समय रहते प्रचार को धार दी जा सके। इसी तरह आप ने विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर प्रभारी भी लगाए हैं ताकि मतदाताओं से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पार्टी के कामकाज के बारे में फीडबैक लिया जा सके। इस फीडबैक रोजाना वरिष्ठ नेताओं तक भी पहुंचाया जा रहा है।
सभी विंगों में की जा रही पदाधिकारियों की नियुक्ति :
इसी तरह पार्टी की तरफ से सभी विंगों में पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की जा रही है। महिला, युवा और व्यापार विंग के अलावा बड़ी संख्या में नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों का भी एलान किया जा रहा है। सभी पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।