मोरनी। टिक्कर ताल क्षेत्र में सड़क के दोनों किनारों पर लंबे समय से मलबा पड़ा है जो अब हादसों का सबब बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बावजूद निर्माण विभाग ने अब तक मलबा नहीं हटवाया, जिससे आए दिन सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। शुक्रवार रात भी इसी लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। अंधेरे में मलबे के कारण दिल्ली से आए एक परिवार की कार पलट गई। हालांकि इसमें किसी व्यक्ति या जानवर को गंभीर चोट नहीं आई। परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं और उन्होंने किसी तरह कार से बाहर निकलकर जान बचाई।
लापरवाही बन सकती है जानलेवा
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर महीनों से मिट्टी और निर्माण मलबा पड़ा है, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने के कारण वाहन चालक मलबे को देख नहीं पाते और अक्सर वाहन फिसल या पलट जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि सड़क के दोनों ओर पड़ा मलबा तत्काल हटाया जाए और मलबा डालने वालों पर कार्रवाई की जाए।