पंचकूला। डीसी मोनिका गुप्ता ने वीरवार को हरियाणा सरकार की ओर से निर्देशित समाधान शिविर में जिला के 26 लोगों की समस्याएं सुनी और मौके पर संबंधित विभाग को समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को बार-बार चक्कर न काटने पड़े। शिविर में उपायुक्त ने गांव सुंदरपुर डाकघर बरवाला के ग्रामीणों की गंदा पानी तालाब में न जाकर खेतों में जाने की शिकायत पर बीडीपीओ को मामले की जांच कर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
एक अन्य शिकायत में लेखराज निवासी भरेत की परिवार पहचान पत्र में आय का विवरण गलत दर्ज होने की शिकायत पर उपायुक्त ने क्रिड को तीन दिन के अंदर कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आई शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर बिना विलंब किए समाधान करें ताकि जिलावासियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके व उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।
हर सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर का आयोजन
उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविर का आयोजन हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं समाधान शिविर से जुड़ते हैं व लोगों की समस्याओं पर किए गए समाधान की स्वयं मॉनिटरिंग करते हैं। इसलिए लोगों के समस्याओं के समाधान में कोताही की न बरती जाए।