पिंजौर। पिंजौर-कालका रोड पूरी तरह जर्जर होने के कारण वाहन चालकों को ब़ड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं बरसाती पानी की निकासी ठप होने के कारण पानी भरने से सड़क और किनारे पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। यहां पर रौनक होटल के पास रोड बुरी तरह जर्जर हो चुकी है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। हालांकि विभाग ने बीते दिनों रोड को खुरचकर यहां पर बने गड्ढे खत्म करने की कोशिश की गई, लेकिन जैसे ही दोबारा बारिश हुई तो दोबारा से गड्ढे बन गए हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि विभाग ने रोड सुधारीकरण और नाले निर्माण के दौरान नियमों की अवहेलना करने के साथ-साथ सड़क सुधारीकरण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा। इस कारण आजकल लोगों को इस रोड से गुजरते हुए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रोड किनारे स्ट्रीट लाइट भी नहीं है, इस कारण रोड किनारे जहां गड्ढे बन चुके हैं उन गड्ढों में वाहन चला जाएं तो कोई भी हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि रोड के जर्जर होने के पीछे अधिकारी बरसात का बहाना बनाकर अपना पल्ला झाड़ लेंगे। लोगों ने कहा कि जब तक रोड को नए सिरे से नहीं बनाया जाएगा तब तक इस समस्या का समाधान नहीं होगा। इसलिए इस रोड को नए सिरे से बनाया जाए।