फाइनल में सेक्टर-15 की टीम को 3-1 से हराया, कोच बोले- लगातार अभ्यास और अनुशासन से निखर रही हैं खिलाड़ियों की प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। मैदान पर तेज रफ्तार, गेंद पर मजबूत नियंत्रण और गोल करने के लिए खिलाड़ियों का शानदार तालमेल। पंचकूला की युवा हॉकी खिलाड़ियों ने अपने खेल से साबित कर दिया कि उन्हें बेहतर अवसर और प्रशिक्षण मिले तो वे किसी से पीछे नहीं हैं। जिला स्तरीय अंडर-14 हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल में सेक्टर-14 हॉकी अकादमी की टीम ने सेक्टर-15 की टीम को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
पीरमुछल्ला के आयोजित मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले क्वार्टर में सेक्टर-14 की अनन्या ने शानदार मैदानी गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में प्रतिद्वंद्वी टीम ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद खेल और रोमांचक हो गया। तीसरे क्वार्टर में सिमरन ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को फिर बढ़त दिलाई। अंतिम क्वार्टर में कप्तान कशिश ने तीसरा गोल कर जीत पक्की कर दी।
टीम की जीत में गोलकीपर रितिका का भी अहम योगदान रहा। उन्होंने विपक्षी टीम के कई हमलों को नाकाम किया। टीम में अनन्या, सिमरन, कशिश, रितिका, मनप्रीत, जसलीन, नव्या, खुशी, हरलीन, पलक और दिव्या ने खेल का प्रदर्शन किया।