संगत ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज, माता गुजरी कौर व चारों साहिबजादों की शहादत को किया नमन
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। ऐतिहासिक गुरुद्वारा पातशाही दसवीं नाडा साहिब में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज, माता गुजर कौर और चारों साहिबजादों की अद्वितीय शहादत को समर्पित महान गुरमत समागम का आयोजन किया गया। शहीदी पखवाड़े के तहत आयोजित दास्तान-ए-शहीदां के इस पहले गुरमत समागम में भारी संख्या में संगत ने पहुंचकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के समक्ष शीश नवाया और गुरबाणी कीर्तन का श्रवण किया।
समागम में हरियाणा सिख गुरुद्वारा ज्यूडिशियल कमीशन के चेयरमैन जस्टिस दर्शन सिंह, हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा, वरिष्ठ उपप्रधान गुरमीत सिंह रामसरण, कनिष्ठ उपप्रधान गुरबीर सिंह तलाकोर, कार्यकारिणी समिति सदस्य गुरतेज सिंह, दीदार सिंह नलवी और स्वर्ण सिंह बुंगा ने विशेष रूप से शिरकत की।
गुरमत समागम के दौरान गुरुद्वारा साहिब के हैड ग्रंथी ज्ञानी जगजीत सिंह और धर्म प्रचार विंग के प्रभारी प्रगट सिंह ने मंच का संचालन किया। ज्ञानी जगजीत सिंह ने संगत को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज, माता गुजर कौर और चारों साहिबजादों के शहीदी इतिहास से अवगत कराया। समागम में पहुंचे सभी अतिथियों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा ने बताया कि दास्तान-ए-शहीदां के तहत आगे भी विभिन्न गुरुद्वारों में गुरमत समागम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि 15 दिसंबर को गुरुद्वारा लखनौर साहिब पातशाही दसवीं, 17 दिसंबर को गुरुद्वारा निम साहिब कैथल, 19 दिसंबर को गुरुद्वारा थड़ा साहिब पातशाही नौवीं झींवरहेड़ी यमुनानगर, 20 दिसंबर को गुरुद्वारा रोडी साहिब निसिंग करनाल, 21 दिसंबर को गुरुद्वारा साहिब रानीयां सिरसा, 22 दिसंबर को फतेहाबाद स्थित गुरुद्वारा साहिब तथा 23 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में सुशोभित गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में गुरमत समागम करवाए जाएंगे।