रामगढ़/बरवाला। राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। रामगढ़ फ्लाईओवर के नीचे स्कॉर्पियो की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि मटावाला के नजदीक दवाइयों से भरा मिनी ट्रक टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गया।
जानकारी के अनुसार, पहला हादसा रामगढ़ फ्लाईओवर के नीचे हुआ। यहां स्कॉर्पियो कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में करीब 35 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
वहीं, दूसरा हादसा मटावाला के नजदीक हुआ। अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया से दवाइयों की पेटियां लादकर मिनी ट्रक पंचकूला की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक मटावाला के पास पहुंचा तो अचानक उसका टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। हादसे के कारण ट्रक में लदी दवाइयों की पेटियां सड़क पर बिखर गईं।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस दोनों हादसों की जांच कर आगामी कार्रवाई में जुटी है।