संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। दिसंबर में होने वाली रोड नेशनल प्रतियोगिता को लेकर साइकिलिंग खिलाड़ी अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। इसी कड़ी में सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम से नग्गल टोल प्लाजा तक खिलाड़ियों ने साइकिलिंग का अभ्यास किया। इस दौरान करीब 25 से 30 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और लगभग 50 किलोमीटर तक साइकिल चलाई।
कोच अजीत सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों को आगामी रोड नेशनल प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके लिए नियमित अभ्यास करवाया जा रहा है, ताकि खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि लंबी दूरी तक साइकिल चलाने से खिलाड़ियों की सहनशक्ति, गति और शारीरिक क्षमता में सुधार होता है। अभ्यास के दौरान कोच ने खिलाड़ियों को साइकिलिंग के अलग-अलग तरीके भी सिखाए। इसमें साइकिल की गति बनाए रखने, संतुलन बनाने, सही तरीके से साइकिल चलाने और लंबी दूरी तय करने के गुर बताए गए। खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान अनुशासन और सुरक्षा का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
कोच अजीत सिंह ने बताया कि रोड नेशनल में बेहतर प्रदर्शन करना खिलाड़ियों का लक्ष्य है। इसके लिए दिसंबर तक अभ्यास को और तेज किया जाएगा। खिलाड़ियों ने भी पूरे उत्साह के साथ अभ्यास में हिस्सा लिया।