पंचकूला। लॉकडाउन में लगातार ऑनलाइन ठगी के मामले बढ़ गए हैं। पेटीएम, ओएलएक्स और लॉटरी के नाम पर लोगों के साथ ठगी हो रही है। पुलिस जागरूक करने और केवल मामला दर्ज करने तक ही सीमित रह गई है। इस कारण लोगों के मामलों का समाधान नहीं हो रहा है। पुलिस की तरफ से इस बारे में गाइडलाइन जारी करने के बाद भी यह साइबर ठग आसानी से लोगों के अकाउंट से पैसा निकाल लेते हैं। पुलिस इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं कर पाती है। ऑनलाइन ठगी इस वक्त सबसे ज्यादा बैंकों से लोन दिलाने, ऑनलाइन सामान मंगवाने, ओएलएक्स के नाम पर और बड़ी-बड़ी ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों के नाम पर की जा रही है। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन ठगी के जनवरी से मई तक पांच माह में 65 मामले सामने आए हैं।
केस स्टडी -1
एनके खन्ना निवासी एमडीसी-4 ने बताया कि मैजिक ब्रिक्स वेबसाइट में अपने घर को किराए पर देने के लिए जानकारी दी। इस साइट से बात करने वालों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 1.10 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिया। इसके बाद वह नंबर बंद हो गया। 27 मई को एमडीसी थाने में केस दर्ज कराया। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
केस -2
सेक्टर-6 निवासी डॉ. शीनम गर्ग ने बताया कि उन्होंने साइकिल बेचने के लिए जानकारी ओएलएक्स पर दी। उन्हें पेमेंट के नाम के बार कोड भेजे गए। उनके अकाउंट से साइकिल की पेमेंट के नाम पर बारकोड स्कैन करने पर 7200 रुपये कट गए। इसके बाद वह नंबर बंद हो गया। उन्होंने बताया कि अभी तक उनके अकाउंट में पैसे नहीं आए हैं। इस मामले में सेक्टर-5 थाना पुलिस ने 24 मई को केस दर्ज किया है।
केस -3
डॉ. मुंजाल ने बताया कि शादी की फोटो के लिए उन्होंने क्षितिज फोटो एजेंसी को हायर किया। उसने फोटो खींचने के 4.50 लाख रुपये खाते में ले लिए। इसके बाद वह फोटो देने से मना कर रहा है। सेक्टर-5 पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। 25 मई को पुलिस ने केस दर्ज किया है।
यह लोग बरतें सावधानी
साइबर एक्सपर्ट राजेश राणा के अनुसार बड़ी-बड़ी कंपनियों के नाम पर, ऑनलाइन शॉपिंग करने के नाम पर भी कुछ गिरोह लोगों से ठगी कर रहे हैं। ठग बड़ी-बड़ी कंपनियों के नाम से मिलती जुलती साइट बनाकर ठगी को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे कई तरीके हैं, जिनके जरिए ये ठग लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। बैंक के नाम पर ओटीपी मांगने का हथकंडा काफी पुराना हो गया है, लेकिन अभी भी इसके तहत भारी संख्या में कुछ गैंग लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे ठगों से बचने के लिए सावधान रहने की जरूरत है।
ना करें ये काम
पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा ने बताया कि ऐसे ठगों से बचने के लिए आपको सोशल मीडिया पर सावधानी बरतनी होगी। फेसबुक या अन्य किसी साइट पर आपको कई लिंक दिखाई देते हैं, जिसमें शॉपिंग में भारी छूट देने की बात लिखी होती है। ऐसी साइट को क्लिक करने से बचें। साथ ही जिस बड़ी कंपनी की साइट से खरीदारी कर रहे हैं उसके पूरे लिंक को टाइप करें ताकि आप सही कंपनी में ऑनलाइन ऑर्डर बुक करा सकें। कुछ गिरोह ऐसे हैं जो बड़ी कंपनियों से मिलते जुलते नाम की साइट बनाकर लोगों से ठगी करते हैं। ठगों से बचने के लिए कभी भी ना तो किसी को अपनी ओटीपी दें और ना ही लोन के नाम पर कोई फाइल चार्ज या वेरिफिकेशन फीस के नाम पर पैसा ट्रांसफर करें।
पुलिस की तरफ से गाइडलाइन जारी कर लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। लोग भी जागरूक हों, जिससे कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। जो भी केस हैं, पुलिस टीम इसकी जांच करेगी और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। - मोहित हांडा, डीसीपी, पंचकूला पुलिस