सुबह 4 बजे से शुरू हुई दर्शन की कतारें, जय माता दी के जयकारों से गूंजा परिसर
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन माता मनसा देवी मंदिर में श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 4 बजे से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर माता के चरणों में शीश नवाते नजर आए। मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर माता के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। दूर-दराज से आए भक्तों का कहना है कि नवरात्र के दौरान माता के दर्शन का विशेष महत्व होता है, इसलिए वे हर वर्ष यहां पहुंचते हैं।
मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। कतारों को व्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है और समय-समय पर घोषणाएं भी की जा रही हैं।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शांति बनाए रखें, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से माता के दर्शन कर सकें।