टक्कर के बाद सड़क किनारे क्षतिग्रस्त हालत में वरना कार।
- फोटो : संवाद
पंचकूला में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। पंचकूला के सेक्टर-27 स्थित ओम अस्पताल के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें हरियाणा पुलिस विभाग में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अनिल कुमार की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार और लापरवाह तरीके से आ रही सफेद रंग की वॉल्वो कार ने सामने से अनिल कुमार की वरना कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। सेक्टर-27 पंचकूला निवासी अनिल कुमार के बेटे अनीश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वे रात को सैर के लिए निकले थे। तभी ओम अस्पताल के पास उन्होंने देखा कि एनएच-7 की तरफ से एक तेज रफ्तार वॉल्वो कार आई और सेक्टर-26 से 27 की ओर जा रही एक वरना कार को टक्कर मार दी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वरना कार कई पलटियां खाते हुए सड़क किनारे डिवाइडर पर लगे पेड़ से जा टकराई और उलट गई।
अनीश कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर देखा तो टक्कर से क्षतिग्रस्त कार उनके पिता की थी और वे अंदर घायल अवस्था में फंसे थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर नजदीकी ओजस अस्पताल सेक्टर-26 में भर्ती करवाया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
करनाल निवासी आरोपी चालक फरार
हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर अशोक कुमार मौके से भाग गया, जो करनाल के गांव गुड़ा घरौंदा का रहने वाला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों गाड़ियों को कब्जे में लिया है। सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के बेटे अनीश कुमार के बयान के आधार पर थाना चंडीमंदिर में आरोपी चालक अशोक कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।