चोरों ने सेक्टर-एक में बने वकीलों के पांच चैंबर में एक साथ सेंध लगाई। वकीलों के चैंबर में खंगालने के बाद चोरों को जो भी मिला, ले उड़े। लैपटॉप, मोबाइल, कैश सहित कुछ अहम दस्तावेज ले जाने से पहले चोरों ने वहां शराब भी पी।
एडवोकेट मनोज अरोड़ा की शिकायत पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। इस दौरान चैंबर नंबर 89 के बाहर से लोहे की रॉड कब्जे में लेकर, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आसपास रहने वालों से भी पूछताछ की ताकि आरोपियों का सुराग मिल सकेे। सेक्टर-सात पुलिस चौकी में दी गई शिकायत में एडवोकेट मनोज ने बताया कि सोमवार शाम करीब 7.30 बजे वह चैंबर नंबर 89 को लॉक करने के बाद सेक्टर 26 स्थित अपने घर के चले गए। सुबह जब वह पहुंचे तो पाया कि ताला टूटा हुआ है। पास में ही लोहे की रॉड और ईंट भी पड़ी थी। अरोड़ा ने पुलिस को बताया कि चैंबर में उन्होंने लैपटॉप रखा था, जिसमें कई मामलों से जुड़ी अहम जानकारियां थीं। उन्होंने आशंका जताई कि चोरों ने लैपटॉप के साथ साथ जरूरी दस्तावेज भी उड़ा लिए हैं।
कैश, मोबाइल, लैपटॉप उड़ाए चोरों ने
एडवोकेट चैतन्य घई ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर चैंबर नंबर 27 का भी ताला तोड़ा गया है। वहां पड़े सूटकेस में रखे दस्तावेजों खंगाले हैं। एडवोकेट कंचन बाला के चैंबर नंबर 77 से चोर 3000 रुपये और मोबाइल ले गए। वहीं एडवोकेट गौरव शर्मा के चैंबर नंबर 112 की तलाशी के बाद चोर वहां पड़ीं मूर्तियां और ट्रॉफियां फेंककर चले गए। आशंका है कि चैंबर नंबर-110 के ताले खोलकर चोर पास के चैंबर में दाखिल हुए थे। इसके लिए डुप्लीकेट चाबियों का इस्तेमाल किया गया है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को चैंबर नंबर-89 से चोरों के पांव के निशान मिले हैं। पुलिस को एक चैंबर से ताला-चाबी, ग्राउंड फ्लोर पर चैंबर में पड़ी दो शराब की खाली बोतलों के अलावा रॉड भी मिली है। इसी आधार पर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।