कालका के वार्ड नंबर एक खेड़ा सीता राम से लापता हुआ 11 वर्षीय बच्चा विशु कालका पुलिस को रेलवे स्टेशन से मिला। पुलिस ने बुधवार को बच्चे को माता पिता के सुपुर्द कर दिया। जानकारी अनुसार मंगलवार रात करीब 11 बजे आरपीएफ के एएसआई पृथ्वी और कांस्टेबल सुखविंद्र स्टेशन पर गश्त कर रहे थे।
उन्होंने स्टेशन के पास एक बच्चे को घूमते हुए देखा। उससे पूछताछ की तो पता चला कि वह भटक गया है। इसके बाद आरपीएफ के जवानों ने कालका पुलिस व बच्चे के माता-पिता को सूचना दी। पुलिस ने कागजी कार्रवाई करने के बाद बच्चे को उसके अभिभावकों को सौंप दिया। बता दें कि विशु शनिवार सुबह घर से खेलने के लिए निकला था। जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। मामले की शिकायत कालका पुलिस को दी गई थी। जांच अधिकारी रेशम सिंह ने बताया कि बच्चा खेलने के लिए निकला था और रास्ता भटक गया था। फिलहाल बच्चे को अभिभावकों को सौंप दिया गया है।