कार चालक का ड्रंकन ड्राइव का चालान
ट्रैफिक मार्शल ने इंस्पेक्टर पर लगाया जानकार को बचाने का आरोप, पुलिस उच्चोधिकारियों से शिकायत
मामला पुलिसकर्मियों के व्हाट्स एप ग्रुप्स पर चर्चा बना रहा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-18/21 की डिवाइडिंग रोड पर रविवार रात ट्रैफिक पुलिस ने एक कार चालक का ड्रंकन ड्राइव का चालान किया। इस दौरान तैनात ट्रैफिक मार्शल संदीप अरोड़ा ने आरोप लगाया कि कार चालक ने मोबाइल का स्पीकर ऑन कर किसी से बात की। उनका आरोप है कि कार चालक फोन पर जिस शख्स से बात कर रहा था, वह एक इंस्पेक्टर है और उस इंस्पेक्टर ने उन्हें धमकी दी है और कार चालक से कहा कि ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक मार्शल को वह सुबह देख लेंगे। मार्शल ने इंस्पेक्टर की शिकायत पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से की है। मामला रविवार रात से सोमवार तक पुलिसकर्मियों के व्हाट्स एप ग्रुप्स पर चर्चा बना रहा। वहीं, ट्रैफिक मार्शल संदीप अरोड़ा और इंस्पेक्टर की मोबाइल पर सीधे बातचीत का कोई प्रमाण सामने नहीं आया। मार्शल की शिकायत के साथ धमकाने का भी कोई सबूत संलग्न नहीं होना बताया गया। मार्शल अरोड़ा ने मामले में कुछ भी कहने से इनकार किया।
यह था मामला
आरोपों के मुताबिक होंडा सिटी कार नंबर सीएच01 एएच-6100 में सवार व्यक्ति नाके से गुजरने लगा तो पुलिसकर्मी ने बैरिकेड आगे रख रास्ता रोक दिया। एल्को सेंसर से जांच में कार चालक शराब की सीमित मात्रा से अधिक नशे में पाया गया। चालक ने कार की चाबी और दस्तावेज दिखाने से इनकार किया। बकौल मार्शल, कार चालक ने किसी से बात करते समय मोबाइल को लाउड स्पीकर मोड पर किया। मार्शल ने फोन पर सुनी आवाज एक इंस्पेक्टर की होने का दावा किया। आरोप लगाए कि उन्होंने अपने जानकार को छुड़वाना चाहा और ऐसा नहीं होने पर मार्शल को सुबह देख लेने की धमकी दी।