चोरी के वाहनों पर करते थे झपटमारी, नाबालिग सहित दो गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से सात बाइक, सात एक्टिवा और नौ मोबाइल बरामद
पेट्रोल खत्म होने पर पार्कों में खड़े कर देते थे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो चोरी के दो पहिया वाहन पर शहर के अलग-अलग सेक्टरों में झपटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे। साथ ही शौक पूरा करने के लिए वे वाहनों पर गेड़ी भी मारते और जब पेट्रोल खत्म हो जाता तो उसे पार्कों में खड़ी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने गिरोह के कब्जे से सात बाइक, सात एक्टिवा और नौ मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान एक नाबालिग और धनास के स्मॉल फ्लैट निवासी प्रदीप कुमार (18) के रूप में हुई है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया, जबकि प्रदीप को जिला अदालत में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।
एसएसपी निलांबरी जगदले ने बताया कि पिछले काफी समय से शहर के अलग-अलग सेक्टरों से वाहन चोरी और झपटमारी की वारदातें सामने आ रही थीं। बढ़ते अपराध के बाद कार्यकारी साउथ एएसपी नेहा यादव, सेक्टर-36 थाना प्रभारी रणजोत सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों की अगुवाई में टीम का गठन किया गया। बीते दिन टीम को गुप्त सूचना मिली कि चोरी और झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी सेक्टर 36 में घूम रहे हैं। फौरन नाकेबंदी कर एक नाबालिग सहित दो को गिरफ्तार किया गया।
मास्टर की से करते थे चोरी
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले रेकी करते थे। जब कोई अपने व्हीकल को भीड़भाड़ वाली जगह में खड़ी कर चला जाता तो आरोपी मास्टर की से लॉक खोलकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। आरोपियों के गिरफ्त में आने के बाद पुलिस ने शहर के अलग-अलग थानों में दर्ज स्नैचिंग के पांच केस और दो पहिया वाहन चोरी के 14 केस सुलझाने का दावा किया है।