पंचकूला के लिए आवश्यक ...
ब्याज की रकम न चुका पाने पर लगाया फंदा
इंडस्ट्रियल एरिया के जंगल एरिया में पेड़ से फंदा लगा दी जान
-सुसाइड नोट में लिखा-बच्चों का ख्याल रखना, ब्याज के पैसे नहीं चुका पा रहा हूं
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। इंडस्ट्रियल एरिया के जंगल एरिया में ब्याज के रुपये नहीं चुका पाने पर एक युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। आसपास के लोगों ने शव को पेड़ से लटकता देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जीएमसीएच-32 पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सेक्टर-16 पंचकूला निवासी विनोद कुमार गुप्ता (45) के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने पत्नी को लिखा है कि मुझे माफ कर देना, बच्चों का ख्याल रखना, ब्याज के पैसे नहीं चुका पा रहा हूं। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे की है। पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि इंडस्ट्रियल एरिया के जंगल एरिया में एक युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ है। पीसीआर और इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि विनोद कुमार इंडस्ट्रियल एरिया में भवानी स्टील कंपनी में काम करता था। मृतक की दो बेटी और एक बेटा है। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुबह साढ़े 11 बजे घर से निकला
इस घटना के बाद विनोद कुमार जिस कंपनी में काम करता था, वहां हड़कंप मच गया। पुलिस पूछताछ में घरवालों ने बताया कि रोजाना की तरह सुबह साढे़ 11 बजे विनोद घर से अपनी कार में दफ्तर के लिए निकला था, लेकिन ऐसा क्यों किया कोई जवाब नहीं है। पुलिस जांच में सामने आया कि पिछले काफी दिनों वह परेशान रहता था।