चोर रोजाना अलग-अलग सेक्टरों के घरों को निशाना बना रहे हैं जबकि पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। चोरों ने अब पीजीआई के एक डॉक्टर के घर के अलावा दो और घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है। पीजीआई के डॉक्टर अपूर्व जैन सेक्टर-11 स्थित मकान नंबर 697 में रहते हैं। वारदात का पता उस समय लगा, जब डॉ. अपूर्व जैन पारिवारिक सदस्यों सहित घर लौटे। मकान का ताला टूटा देख उन्होंने कीमती सामान की जांच की तो नगदी सहित काफी सामान चोरी पाया। इसके बाद उन्होंने वारदात की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि चोर दो लैपटॉप, एक हेयर ड्रायर, एक घड़ी, दो हार्ड ड्राइव, एमएसएफटी डायल, दो घड़ियां, चांदी के गहने व चार हजार रुपये सहित अन्य सामान ले गए हैं। अपूर्व जैन ने बताया कि चोर वारदात को एक सितंबर से तीन सितंबर के बीच अंजाम देकर गए हैं क्योंकि उक्त दिनों में वह परिवार के साथ शहर से बाहर गए हुए थे। पुलिस ने मौके की जांच कर पूछताछ के बाद अज्ञात चोरों का सुराग तलाशना शुरू कर दिया है लेकिन पुलिस के हाथ फिलहाल खाली हैं।
दूसरी वारदात को चोरों ने सेक्टर-41 के मकान नंबर-859/1 में अंजाम दिया। यहां से चोर दो लाख 70 हजार रुपये ले उड़े। मकान में रहने वाली महिला क्रिशना ने घर से लाखों रुपये चोरी होने का पता लगने पर वारदात की सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-39 थाने से मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने महिला से पूछताछ की। महिला ने बताया कि चोरों ने वारदात को बीती चार सितंबर को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनका सुराग तलाशना शुरू कर दिया है।
वहीं, तीसरी वारदात सेक्टर-56 के मकान नंबर-2731 में हुई। यहां से अज्ञात चोर मोबाइल, एक पर्स और करीब नौ सौ रुपये सहित कुछ दस्तावेज ले उड़े। वारदात का पता लगने पर मकान में रहने वाले पान सिंह ने पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। लेकिन फिलहाल पुलिस के हाथ उनका कोई सुराग नहीं लगा है।
मोबाइल और 35 हजार रुपये चोरी का आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़। सेक्टर-56 के मकान नंबर-3730 में टेबल पर रखे एप्पल के मोबाइल सहित 35 हजार रुपये चोरी कर रफूचक्कर हुए एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-56 के ही रहने वाले रमाकांत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से चोरी किए गए सामान की बरामदगी के बाद अन्य वारदातों बाबत भी उससे पूछताछ की।
मामले के शिकायतकर्ता उक्त मकान नंबर निवासी मक्खन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि चार सितंबर को उन्होंने घर में टेबल पर अपना मोबाइल और पैसे रखे थे। लेकिन कुछ देर बाद उन्हें मोबाइल व पैसे चोरी हुए नजर आए। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।