युवक ने पहले बनाया वीडियो
फिर फंदा लगाकर की खुदकुशी
पत्नी से अलगाव के बाद तनाव में रहता था रवि, वीडियो में आत्महत्या के लिए किसी को नहीं ठहराया जिम्मेदार
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। डेढ़ वर्ष पहले शादी और फिर अनबन होने पर कुछ समय पूर्व पंचायत के फैसले पर पत्नी से अलगाव। इसी तनाव में सेक्टर-26 की बापूधाम कालोनी के फेज-1 निवासी 23 वर्षीय युवक ने घर पर पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। रविवार सुबह मिली सूचना पर बापूधाम चौकी से पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर रवि को जीएमसीएच-32 ले जाने के साथ उसके पास से मोबाइल बरामद किया। डॉक्टरी जांच में रवि की मौत की पुष्टि पर पुलिसकर्मियों ने उसके मोबाइल की जांच की तो वह वीडियो मिली, जिसे रवि ने खुदकुशी से पहले बनाया था। रवि ने वीडियो में अपनी मौत का जिम्मेदार किसी अन्य को नहीं ठहराया है। रवि ने मौत के बाद पुलिस से किसी को परेशान नहीं करने की अपील भी की है और खुदकुशी को खुद का फैसला बताया है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। रवि सेक्टर-26 सब्जी मंडी में सब्जी की रेहड़ी लगाता था।
रवि के फंदा लगाकर खुदकुशी का पता उस समय लगा जब रविवार सुबह वह अपनी मां के पास मकान की पहली मंजिल पर चाय पीने नहीं पहुंचा। रवि की मां ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा ग्राउंड फ्लोर में कमरे में रहता था और अन्य पारिवारिक सदस्य पहली मंजिल पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि रोजाना रवि सुबह पहली मंजिल पर चाय पीने आता था लेकिन रविवार की सुबह जब वह नहीं आया तो मां उसे देखने उसके कमरे में गईं। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और जब मां अंदर दाखिल हुई तो बेटे को फंदे से लटके पाया। परिवार ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व ही रवि की शादी हुई थी लेकिन कुछ समय बाद ही अनबन होने के चलते पंचायती फैसले पर पत्नी उससे अलग हो गई थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसके बाद से ही रवि तनाव में रहने लगा था।